बलौदाबाजार, 9 सितंबर 2026। जिले के शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार द्वारा बुधवार को दाऊ कल्याण महाविद्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में कुल 536 आवेदक शामिल हुए, जिनमें से 258 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 104 युवाओं का अंतिम चयन हुआ।
रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थानों ने अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया। अमित एजेंसी बलौदाबाजार ने कंप्यूटर ऑपरेटर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए साक्षात्कार लिया। इसमें 128 आवेदक शामिल हुए, जिनमें 48 का प्राथमिक चयन और 7 का मौके पर ही अंतिम चयन किया गया।
कनिका ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड बलौदाबाजार में सेल्स एग्जीक्यूटिव और तकनीशियन पदों के लिए 43 आवेदकों ने साक्षात्कार दिया। इनमें 13 युवाओं का प्राथमिक चयन और 5 का अंतिम चयन हुआ।
भारतीय जीवन बीमा बलौदाबाजार द्वारा बीमा सखी पद के लिए आयोजित साक्षात्कार में 88 आवेदक शामिल हुए, जिनमें से 44 का प्राथमिक चयन किया गया।
अरोहन फायनेंस प्राइवेट लिमिटेड रायपुर ने कस्टमर सर्विस के पदों के लिए साक्षात्कार लिया। इसमें 81 आवेदक उपस्थित हुए। इनमें 61 का प्राथमिक चयन और 45 का अंतिम चयन किया गया।
इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रायपुर द्वारा असिस्टेंट पद के लिए आयोजित साक्षात्कार में 22 आवेदक शामिल हुए, जिनमें 10 का अंतिम चयन किया गया।
शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड रायपुर ने मैकेनिकल इंजीनियर, मशीन ऑपरेटर और फिटर पदों के लिए साक्षात्कार लिया। इसमें 31 आवेदक उपस्थित हुए, जिनमें 21 का प्राथमिक चयन और 5 का अंतिम चयन किया गया।
अलर्ट सिक्योरिटी रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, असिस्टेंट सुपरवाइजर, सुपरवाइजर, मार्केटिंग और कंप्यूटर ऑपरेटर पदों के लिए साक्षात्कार लिया गया। इसमें 117 आवेदक शामिल हुए। इनमें 52 युवाओं का प्राथमिक चयन और 27 का अंतिम चयन हुआ।
रोजगार मेले में चयनित युवाओं को संबंधित नियोजकों द्वारा एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भर्ती से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।







