बलौदाबाजार, 04 नवंबर। जिले में कुपोषण और एनीमिया की समस्या दूर करने तथा लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान चलाया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार शुरू होने वाले इस अभियान के तहत बलौदाबाजार जिले में करीब 8 लाख मुनगा पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मुनगा प्राकृतिक पोषक तत्वों और सूक्ष्म पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। इसके नियमित सेवन से कुपोषण, एनीमिया और पोषक तत्वों की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को मुनगा को लोगों के दैनिक आहार में शामिल करने और अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही इस पहल को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने वन विभाग और उद्यानिकी विभाग को अगले दो महीने में 4-4 लाख मुनगा पौधे तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि फरवरी और मार्च 2027 में पौधरोपण किया जा सके। अभियान के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में 5, स्कूलों और छात्रावासों में प्रति संस्था 20 तथा प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में 10 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिले के प्रत्येक परिवार को 2 मुनगा पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। नगरीय निकायों के सार्वजनिक स्थानों पर भी उपलब्धता के अनुसार पौधरोपण किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग का मैदानी अमला सुपोषण चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को मुनगा पौधे लगाने तथा इसके नियमित उपयोग के लिए जागरूक करेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 13 सितंबर 2026 को प्रदेश में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान का नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग है।







