खैरागढ़ 20 नवंबर 2026 । Fake Paneer: छत्तीसगढ़ के बाजारों में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की सप्लाई का मामला सामने आया है। खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा पुलिस चेकपोस्ट पर पुलिस ने भोपाल से रायपुर ले जाई जा रही करीब 15 क्विंटल एनालॉग पनीर की खेप पकड़ी है।
जानकारी के मुताबिक, एक डीआई वाहन में पनीर के 30 बक्से लोड थे, जिनमें प्रत्येक बक्से में 50-50 किलो पनीर पैक किया गया था। यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित बालाजी इंटरप्राइजेज पहुंचाई जानी थी।
वाहन की जांच के दौरान मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पूरी खेप खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सुपुर्द कर दी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने पनीर की जांच की तो पैकेटों पर बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और मैन्युफैक्चरिंग डेट अंकित नहीं मिली। इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारियों ने जब्त एनालॉग पनीर का विधिक नमूना भी संकलित किया है। जानकारी के अनुसार, शेष पनीर का प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्टीकरण किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बाजार में उनकी सप्लाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







