Home / Chhattisgarh / पीएमएफएमई योजना से महेंद्र के नमकीन कारोबार को मिला विस्तार, बढ़ी आमदनी और रोजगार के अवसर

पीएमएफएमई योजना से महेंद्र के नमकीन कारोबार को मिला विस्तार, बढ़ी आमदनी और रोजगार के अवसर

कोरबा, 23 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत शासकीय ऋण और अनुदान का लाभ लेकर कोरबा के सीएसईबी कॉलोनी, बुधवारी बाजार निवासी महेंद्र कुमार देवांगन ने अपने मिक्चर और नमकीन निर्माण व्यवसाय को नई दिशा दी है। योजना के माध्यम से मिली वित्तीय सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनें खरीदीं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ी और बाजार में कारोबार का विस्तार हुआ।

महेंद्र ने बताया कि वे लंबे समय से स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहते थे, लेकिन शुरुआती पूंजी की कमी के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। विभाग से पीएमएफएमई योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से संपर्क कर आवेदन किया। इसके बाद बैंक से 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। परियोजना के लिए उन्हें 35 प्रतिशत के हिसाब से लगभग 3.50 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ।

वित्तीय सहायता मिलने के बाद महेंद्र ने मिक्चर सहित विभिन्न प्रकार के नमकीन बनाने के लिए आधुनिक मशीनें खरीदीं। मशीनों के उपयोग से उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई और बाजार की मांग के अनुरूप अधिक मात्रा में नमकीन तैयार करना संभव हुआ। वर्तमान में उनके उत्पाद आसपास के होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों तक पहुंच रहे हैं। शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी उन्हें नियमित रूप से ऑर्डर मिल रहे हैं।

व्यवसाय के विस्तार के साथ महेंद्र अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उनका कहना है कि योजना से पहले आय का कोई निश्चित जरिया नहीं था, लेकिन कारोबार के विस्तार के बाद आमदनी में वृद्धि हुई है। इससे परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में सुविधा हो रही है और जीवन में स्थिरता आई है।

महेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि ऋण और अनुदान की सहायता से वे आधुनिक मशीनें खरीद सके और अपने काम को बड़े स्तर पर ले जा पाए। उन्होंने कहा कि अब उत्पादन पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है और दुकानदारों, होटल-रेस्टोरेंट के साथ शादी-विवाह के आयोजनों से भी लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं।

महेंद्र ने शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिली सहायता ने उन्हें व्यवसाय में निवेश करने, उत्पादन बढ़ाने और रोजगार के अवसर तैयार करने में मदद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *