- लखनपुर के गोरता में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राहियों को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’
सरगुजा, 11 सितंबर 2026। सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्मित 5,596 आवासों में शुक्रवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों में हजारों परिवारों ने अपने नए पक्के मकानों में प्रवेश किया।
आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने हितग्राही परिवारों के नवनिर्मित आवासों में विधिवत पूजन एवं फीता काटकर गृह प्रवेश कराया और प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी। उन्होंने हितग्राही परिवारों को नए घर के लिए बधाई देते हुए सुखद एवं सुरक्षित गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर हितग्राही परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। लंबे समय से पक्के और सुरक्षित आवास की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह दिन नई उम्मीद, सम्मान, स्थायित्व और आत्मविश्वास लेकर आया।
गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े एवं उनकी पत्नी फूलमती को उनके नवनिर्मित पक्के आवास की चाबी सौंपी। चाबी मिलते ही परिवार के सदस्यों के चेहरे खुशी से खिल उठे। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का घर मिलने पर शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में अन्य हितग्राहियों जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो और संतोष सहित अन्य परिवारों को भी मंत्री ने ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की। उन्होंने कहा कि पक्का आवास केवल चार दीवारों का निर्माण नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और स्थायी आशियाने की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एबीपी फेलो और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
5,596 आवासों में एक साथ गूंजी गृह प्रवेश की खुशियां
सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4,967, पीएम जनमन योजना के 398 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 आवासों सहित कुल 5,596 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में कुल 1,235 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 1,170, पीएम जनमन योजना के 41 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 24 आवास शामिल हैं। बतौली में कुल 737 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 642, PM-JANMAN के 81 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 14 आवास शामिल हैं।
लखनपुर विकासखंड में कुल 1,033 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 978, पीएम जनमन योजना के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 44 आवास शामिल हैं। लुंड्रा में कुल 685 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 450, PM-JANMAN के 142 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 93 आवास शामिल हैं।
मैनपाट विकासखंड में कुल 577 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 469, पीएम जनमन योजना के 83 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 25 आवास शामिल हैं। सीतापुर में कुल 626 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 593, पीएम जनमन योजना के 24 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 9 आवास शामिल हैं।
उदयपुर विकासखंड में कुल 703 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 665, पीएम जनमन योजना के 16 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 22 आवास शामिल हैं।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में एक साथ आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम ने हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां भर दीं। पक्की छत, सुरक्षित दीवारों और अपने घर की चाबी के साथ इन परिवारों को न केवल आवास मिला, बल्कि सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य का भरोसा भी मिला। शासन की आवास योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने का यह प्रयास ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







