रायपुर, 21 सितंबर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक तिहार और सामाजिक समरसता की भावना को सहेजने एवं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से नवा रायपुर में 22 सितंबर को भव्य तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित होगा।
तीज मिलन उत्सव में प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल होंगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह के साथ तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी आयोजन में शामिल होंगे।
आयोजन को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित बताया गया है। कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ तीजा पर्व से जुड़ी परंपराओं और लोक-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। तीज मिलन के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं और परिवारों के बीच आत्मीयता, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें प्रदेश की सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना भी समाहित है। उन्होंने कहा कि तीज मिलन उत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को साझा करना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से जोड़ना है।
नवा रायपुर में आयोजित होने वाले इस तीज मिलन उत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और तीज पर्व की आत्मीयता का संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







