Home / Chhattisgarh / नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज की तैयारियां पूरी, 16 से 20 अक्टूबर तक होंगे तीन मुकाबले

नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज की तैयारियां पूरी, 16 से 20 अक्टूबर तक होंगे तीन मुकाबले

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 07 अक्टूबर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में होने वाली भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीरीज के तहत 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतर्राष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के सुचारू संचालन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

मैच के सफल आयोजन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। स्टेडियम परिसर और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी।

ई-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ई-टिकट की आसानी से स्कैनिंग कर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके। टिकटों का वितरण ऑनलाइन होगा और टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

एंबुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग द्वारा नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी और स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन स्थिति में निकासी के लिए रूट की व्यवस्था गृह एवं अग्निशमन विभाग करेगा।

इसके अलावा बिजली की निर्बाध व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा की जाएगी। स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की व्यवस्था के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर जिला प्रशासन, पुलिस, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *