कोरबा, 19 सितंबर 2026। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), कोरबा को राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, प्रभावी कार्यान्वयन और हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’ में नराकास कोरबा को ‘प्रशंसनीय’ श्रेणी के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान कोरबा में विभिन्न शासकीय एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कार्यालयों द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
नराकास कोरबा के अध्यक्ष एवं एनटीपीसी कोरबा के कार्यकारी निदेशक किशोर चंद्र पात्र के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में समिति से संबद्ध विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। समिति द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार, राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक एवं प्रगतिशील प्रयोग के लिए नियमित रूप से कार्यक्रम, कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
यह प्रतिष्ठित सम्मान 15 सितंबर 2026 को नवी मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के अवसर पर प्रदान किया गया। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव अंशुली आर्य ने नराकास कोरबा को ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’ की ‘प्रशंसनीय’ श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया। नराकास, कोरबा की ओर से सम्मान एनटीपीसी कोरबा के महाप्रबंधक (रसायन) विजय कुमार गर्ग ने प्राप्त किया।
नराकास कोरबा को मिला यह सम्मान समिति से संबद्ध विभिन्न कार्यालयों के सामूहिक प्रयास, सक्रिय सहभागिता और राजभाषा हिंदी के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। इस उपलब्धि से कोरबा में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को और गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह सम्मान संबद्ध कार्यालयों को अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित करेगा। नराकास कोरबा द्वारा भविष्य में भी हिंदी के प्रचार-प्रसार, राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन और हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही गई है।







