Home / Chhattisgarh / दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 40 लाख रुपये के 201 गुम मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल से अब तक 1,400 से अधिक फोन लौटाए

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 40 लाख रुपये के 201 गुम मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल से अब तक 1,400 से अधिक फोन लौटाए

ख़बर शेयर करें:

दुर्ग, 14 नवंबर 2026। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से विभिन्न कंपनियों के 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। 14 नवंबर 2026 को वरिष्ठ SP विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में यह सातवां अवसर है, जब गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए हैं। इस बार बरामद मोबाइल वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए थे। पुलिस टीम ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित अन्य जिलों के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार से भी मोबाइल बरामद किए हैं।

मोबाइल की पतासाजी के लिए ACCU और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर उपलब्ध तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया। मोबाइल फोन में दूसरे सिम कार्ड का उपयोग होने पर प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर उनकी लोकेशन और उपयोगकर्ताओं की पहचान की गई। इसके बाद संबंधित जिलों एवं राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल बरामद किए गए।

दुर्ग पुलिस के मुताबिक, CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए जा चुके हैं। मोबाइल मिलने पर नागरिकों ने पुलिस और ACCU टीम के प्रति आभार जताया।

इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट दुर्ग की टीम के साथ संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR की आधिकारिक वेबसाइट www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें।

इसके अलावा मोबाइल में स्क्रीन लॉक और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करने, महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं फोटो का बैकअप रखने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई है। किसी भी व्यक्ति के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *