Home / Chhattisgarh / दीपावली से पहले महिलाओं को बड़ा तोहफा, 3 नवंबर को जारी होगी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त

दीपावली से पहले महिलाओं को बड़ा तोहफा, 3 नवंबर को जारी होगी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 02 नवंबर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दीपावली से पहले राज्य सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। महतारी वंदन योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त का भुगतान 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित की जाएगी।

इस किस्त के तहत प्रदेश की कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि भेजी जाएगी। इसमें ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राही शामिल हैं। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। 33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी।

राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत मिलने वाली राशि से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने के साथ ही परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।

हितग्राही महिलाएं महतारी वंदन योजना की किस्त और भुगतान की स्थिति की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट mahtarivandan.cgstate.gov.in और मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *