धमतरी, 04 नवंबर 2026। दीपावली के पर्व पर धमतरी पुलिस के चार आरक्षक (चालक) को पदोन्नति का तोहफा मिला है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज द्वारा जारी वर्ष 2026 की योग्यता सूची के तहत चारों आरक्षकों को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
4 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में एसपी भावना पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय ने पदोन्नत जवानों के कंधों पर फित्ती लगाकर उन्हें नए पद की जिम्मेदारी सौंपी और बधाई दी।

पदोन्नति पाने वालों में संतोष ठाकुर, संतोष दुबे, छोटे लाल साहू और थान सिंह चंद्राकर शामिल हैं। इन सभी को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर जोन रायपुर अमरेश कुमार मिश्रा द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत पदोन्नति मिली है।
इस अवसर पर एसपी भावना पांडेय ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी का भी प्रतीक है। यह बेहतर कार्य, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करने के निर्देश दिए।
दीपावली पर मिली इस दोहरी खुशी के अवसर पर एसपी ने सभी जवानों का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, निरीक्षक अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत जवानों को शुभकामनाएं दीं।







