Home / Chhattisgarh / जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश कार्यकारिणी गठित, प्रकाश जाखड़ बने प्रदेश उपाध्यक्ष

जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश कार्यकारिणी गठित, प्रकाश जाखड़ बने प्रदेश उपाध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 17 सितंबर को रायपुर के विमतारा में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान पंचायतों के संचालन, जनप्रतिनिधियों के अधिकार एवं दायित्व और शासन-प्रशासन के साथ समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। वीरेंद्र साहू को प्रदेश अध्यक्ष और पुष्पा परदेशी खुंटे को प्रदेश सचिव बनाया गया। वहीं पौड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष एवं कोरबा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जाखड़ को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रकाश जाखड़ के पास जनपद पंचायत के संचालन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े विषयों का अनुभव रहा है। नई जिम्मेदारी के तहत वे जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की समस्याओं, अधिकारों और पंचायतों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर रखने में भूमिका निभाएंगे।

कार्यकारिणी में कवि शरण वर्मा को संरक्षक बनाया गया है। कीर्ति नायक, अनिल सिंह, तरुण कुमार पांडे, मनोज कुमार अग्रवाल और गोपाल शुक्ला को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। अनिल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और सीताराम चंद्रा को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में शारदा सनत देवांगन, ममता राजीव सिंह, प्रकाश जाखड़, मोहित पटेल, हुलसी चंद्राकर, इंद्रानी साहू, संजू गोपाल साहू, मंगलाराम नुरेटी, डॉ. राजेशी त्रिपाठी, जितेंद्र साहू और अरविंद गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में जनपद पंचायतों के सामने आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि संघ जनपद पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को साझा मंच उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं को संगठित रूप से शासन-प्रशासन के समक्ष रखेगा।

प्रकाश जाखड़ के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर जनपद पंचायत पौड़ी-उपरोड़ा सहित कोरबा जिले के जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *