Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी, तीन परीक्षाओं की तिथियां घोषित

छत्तीसगढ़ में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी, तीन परीक्षाओं की तिथियां घोषित

रायपुर, 24 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकीय पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों को भरा जाएगा। इनमें शासकीय स्कूलों में 5,000 नियमित पद और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पद शामिल हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय विद्यालयों में 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इन पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।

भर्ती परीक्षा के तहत सहायक शिक्षक की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पदों के लिए परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

इसी तरह स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है। भर्ती की अधिसूचना सितंबर माह में जारी की जा रही है, जबकि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से इन 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *