कोरबा, 29 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से कोरबा सहित पड़ोसी जिलों सक्ती और जांजगीर-चांपा में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बुधवार सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश ने दोपहर तक तेज बारिश का रूप ले लिया। सुबह से देर शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहे और लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। गुरुवार को भी मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को समय से पहले ठंड का अहसास होने लगा है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे ही आसमान में घने काले बादलों के कारण शाम जैसा माहौल बन गया था। बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को अपने दैनिक कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से जुड़े चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों में नमी का प्रवाह बना हुआ है। इसके चलते गुरुवार, 29 अक्टूबर को भी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। करतला, पाली, दीपका, कटघोरा, बालको, रजगामार और पसान सहित आसपास के इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। कोरबा के साथ सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों में भी मौसम को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।







