चांपा पुलिस ने जुआ फड़ पर मारा छापा, ताश की पत्ती और नगदी रकम के साथ चारों को पकड़ा
जांजगीर-चांपा,08 नवम्बर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चांपा पुलिस ने ग्राम कोसमंदा में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए चार लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश की पत्ती और 3,120 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में दीपावली पर्व के दौरान जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत थाना चांपा पुलिस की टीम क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
इसी दौरान चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोसमंदा में कुछ लोग ताश की पत्तियों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे चार व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश यादव (35 वर्ष), गिरधारी यादव (44 वर्ष), ओमप्रकाश कश्यप (45 वर्ष) और मंगलू कश्यप (56 वर्ष) के रूप में की है। चारों आरोपी ग्राम कोसमंदा, थाना चांपा क्षेत्र के निवासी हैं। मौके से ताश की पत्ती और 3,120 रुपये की नगदी रकम बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं तथा जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।







