Home / Chhattisgarh / कोरबा में सड़कों, मेडिकल कॉलेज और आईटीआई के निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कोरबा में सड़कों, मेडिकल कॉलेज और आईटीआई के निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें:
  • हसदेव नदी पुल की मरम्मत सात दिन में पूरी करने के निर्देश, मेडिकल कॉलेज भवन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक हैंडओवर करने को कहा

कोरबा, 15 अक्टूबर। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों एवं पुलों, निर्माणाधीन स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज भवन और आईटीआई रामपुर में चल रहे रिनोवेशन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने काम में तेजी लाने और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

कलेक्टर ने दर्री बैराज से राताखार बायपास मार्ग पर हसदेव नदी के पुल का निरीक्षण किया। पुल पर सड़क से बाहर निकली सरियों को देखकर उन्होंने सेतु विभाग के अधिकारियों को सात दिन के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के बाद अन्य पुलों का भी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। दर्री बैराज के पास क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और बीटी कार्य भी सात दिन में पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए।

उन्होंने रिसदी चौक से परसाभाठा-बजरंग चौक होते हुए रूमगरा तथा ध्यानचंद चौक-दर्री मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क के निर्माण के लिए डीएमएफ मद से करीब 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कलेक्टर ने रूमगरा में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और निर्माण के दौरान आम नागरिकों के आवागमन के लिए बेहतर डायवर्सन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीतामढ़ी चौक से इमलीडुग्गू गौमाता चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क तथा रेलवे क्रॉसिंग से मानिकपुर मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारियों में भी तेजी लाने को कहा।

भुलसीडीह स्थित स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने तथा नवंबर के अंतिम सप्ताह तक आवश्यक निर्माण कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए। हॉस्टल, डाइनिंग, प्रवेश द्वार और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य 15 दिसंबर तक पूरे करने को कहा। उन्होंने इलेक्ट्रिकल कार्यों के लिए अतिरिक्त टीम लगाने, विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधनों की सूची तैयार करने तथा परिसर की सड़कों का निर्माण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। नकटीखाड़ से मेडिकल कॉलेज तक पहुंच मार्ग को फोरलेन बनाने का कार्य डेढ़ माह में पूरा करने और आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

आईटीआई रामपुर में रिनोवेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने टाइल्स लगाने, खिड़कियों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नियमित निगरानी करने तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *