उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया शुभारंभ, महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम; 15 साल पुरानी समस्या से मिलेगी मुक्ति
कोरबा। कोरबा शहर के संजयनगर रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से लोगों को राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर की बहुप्रतीक्षित संजयनगर वायशेप अंडरब्रिज परियोजना का शनिवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में निर्माण कार्य शुरू हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस परियोजना के निर्माण पर जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि संजयनगर रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने के कारण पिछले लगभग 15 वर्षों से शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित इस फाटक के बंद होने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को पुराना बस स्टैंड होते हुए दर्री रोड और नहर मार्ग से होकर जाना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से अंडरब्रिज निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराई गई।

उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से कोरबा को विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन मिले हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में संजयनगर वायशेप अंडरब्रिज परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े प्रोजेक्ट के साथ छोटे लेकिन जनहित से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दे रही है।
मंत्री ने बताया कि परियोजना के दायरे में आने वाली शासकीय भूमि पर बने मकानों के मालिकों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है। अंडरब्रिज के बनने से कोतवाली क्षेत्र, पुरानी बस्ती और रेलवे स्टेशन की ओर आवागमन सुगम होगा। निर्माण कार्य लगभग एक से सवा वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी बताया कि सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर किनारे एक वैकल्पिक मार्ग और पुल का निर्माण 22 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि वह स्वयं संजयनगर वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं और इस रेलवे फाटक के कारण क्षेत्रवासियों को होने वाली परेशानियों से भली-भांति परिचित हैं। अंडरब्रिज का निर्माण पूरा होने से आवागमन आसान होगा और फाटक के आसपास होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से स्थानीय निवासियों के साथ व्यापारी वर्ग भी लंबे समय से परेशान था। अंडरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को जाम और अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
परियोजना के अनुसार, अंडरब्रिज की कुल लंबाई 455 मीटर होगी। बॉक्स की लंबाई 28.80 मीटर, ऊंचाई 4.50 मीटर और पुल की चौड़ाई 8.50 मीटर निर्धारित की गई है। कैरिजवे की चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। यू-टाइप रिटर्न की कुल लंबाई 426.20 मीटर रखी गई है। इसमें सुनालिया ज्वेलर्स की ओर 175.60 मीटर, रेलवे स्टेशन की ओर 125.60 मीटर और पुरानी बस्ती की ओर 125 मीटर लंबाई का हिस्सा शामिल है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस परियोजना से संजयनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।







