कोरबा, 30 सितम्बर। थाना कोतवाली कोरबा पुलिस ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी के साथ ही मारपीट के एक प्रकरण में फरार आरोपी को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला, धनुहारपारा, कोरबा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 137/2020 दर्ज है। आरोपी के खिलाफ धारा 147, 455, 364, 294, 506, 323 भादवि तथा 3, 2(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष चालान पेश किया गया था, लेकिन न्यायालय में पेशी के दौरान वह अनुपस्थित होकर अपने निवास स्थान से फरार हो गया था। इसके बाद न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया, पिता अमीत कुरैशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के बगल, मेन रोड, कोरबा को भी गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 759/2026 के तहत धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, समीर कुरैशी उर्फ माया ने अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई थी। इस मामले में आरोपी गौतम उर्फ काड़े को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। वहीं फरार चल रहे समीर कुरैशी उर्फ माया को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी फरार आरोपी या वारंटी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।







