Home / Chhattisgarh / कोरबा में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: उरगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

कोरबा में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: उरगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले की उरगा पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।

पुलिस के अनुसार पहला मामला ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी में चोरी का है। एजेंसी संचालक जितेन्द्र कुमार टण्डन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर की शाम शोरूम बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई बिना नंबर की एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं। इस मामले में उरगा थाने में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर (18 वर्ष), निवासी ठरकपुर पुरैना और विनय कुमार कंवर (19 वर्ष), निवासी पुराना रिस्दा, बालको को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने शोरूम से मोटरसाइकिल और बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बाइक का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था, जबकि पकड़े जाने के डर से 15 बैटरियां हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंकने की बात कही। पुलिस ने चोरी की बाइक और साइलेंसर बरामद कर लिया। पूछताछ में सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल का भी खुलासा हुआ, जिसे बरामद किया गया।

दूसरा मामला भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी का है। 25 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 596/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भैसमा स्थित सागौन बाड़ी के पास घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह), निवासी नगरदा, जिला सक्ती और एक नाबालिग को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महेन्द्र ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल की जानकारी भी मिली। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

इस तरह उरगा पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें तुमान के शोरूम से चोरी हुई एचएफ डीलक्स प्रो, भैसमा बाजार से चोरी हुई स्प्लेंडर और सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की गई है। कोरबा पुलिस ने बताया कि जिले में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *