कोरबा, 26 अक्टूबर। जिले में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में नागरिकों ने स्वरोजगार, खसरों की गिरदावरी जांच, भूमि सीमांकन, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, नक्शा कटवाने, भूमि संबंधी रिकॉर्ड दुरुस्त करने और विभिन्न शिकायतों की जांच से जुड़ी समस्याएं रखीं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम की जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों का भुगतान, आवास योजना के लिए पात्रता की जांच, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण हटाने और सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
वहीं, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ और आजीविका से जुड़ी मांगों को लेकर भी नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी पहल करने के निर्देश भी दिए।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







