Home / Chhattisgarh / किन्नर की तस्वीर के साथ देह व्यापार की भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप, एसपी से एफआईआर की मांग

किन्नर की तस्वीर के साथ देह व्यापार की भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप, एसपी से एफआईआर की मांग

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 17 नवंबर 2026। सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। कोहड़िया निवासी सैली किन्नर ने पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपकर दीपका निवासी उदय चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर उन्हें स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित करने वाली बताया जा रहा है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार, भ्रामक और अपमानजनक बताते हुए मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, उदय चौधरी द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी वास्तविक तस्वीर के साथ कथित तौर पर ऐसी पोस्ट और सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी सामाजिक छवि धूमिल हो रही है। सैली किन्नर का कहना है कि इस तरह की सामग्री से उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

शिकायत में दीपका थाना क्षेत्र में पूर्व में दो पक्षों के बीच हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया है। आवेदिका के अनुसार, इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अपराध क्रमांक 02/10/26 और 22/10/26 के तहत मामले दर्ज हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। उनका आरोप है कि इन पुराने विवादों की आड़ में उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का हवाला देकर किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।

सैली किन्नर ने अपनी शिकायत में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के संवैधानिक अधिकारों और निजता से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के नालसा बनाम भारत संघ तथा के.एस. पुट्टास्वामी फैसलों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 18(d) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 356, 351 और 352 के तहत जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इसके अलावा साइबर सेल से संबंधित फेसबुक और इंस्टाग्राम पोस्ट, वीडियो, यूआरएल, अकाउंट विवरण तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित कराने का आग्रह किया गया है, ताकि जांच के दौरान साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें हटाए जाने की आशंका न रहे। शिकायतकर्ता ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

मामले में शिकायत की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, गृह विभाग के सचिव, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, कोरबा कलेक्टर, दीपका थाना प्रभारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भी भेजी गई है।

शिकायत में उदय चौधरी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज पुलिस प्रकरणों और कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि दो दिन पहले भी एक अन्य व्यक्ति ने उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। साथ ही, दीपका थाने में उनके विरुद्ध पूर्व के मामलों और पुलिस की ओर से गुंडा सूची में नाम शामिल करने संबंधी प्रतिवेदन तैयार किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और वर्तमान शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

फिलहाल शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *