Home / Chhattisgarh / कलेक्टर ने की पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमा स्थापित करने की अपील

कलेक्टर ने की पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमा स्थापित करने की अपील

  • प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी एवं प्राकृतिक सामग्री से निर्मित गणपति प्रतिमाओं को अपनाने का आग्रह

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितम्बर 2026/ गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमाओं की स्थापना करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं गणेशोत्सव समितियों से आग्रह किया है कि वे प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी एवं प्राकृतिक सामग्री से निर्मित पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमाओं को प्राथमिकता देना चाहिए। कलेक्टर ने सभी श्रद्धालुओं और गणेशोत्सव समितियों से अपील की कि वे पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमाओं को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर सके।


कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि गणेशोत्सव हमारी आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। पर्व की पवित्रता और उत्साह के साथ-साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की सुरक्षा भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित प्रतिमाओं तथा रासायनिक रंगों के उपयोग से जल स्रोतों और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से मिट्टी से निर्मित तथा प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का उपयोग कर बनाई गई गणपति प्रतिमाओं को अपनाना आवश्यक है।


उन्होंने जिले के नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस गणेशोत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धा के साथ प्रकृति की रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक की छोटी-सी पहल जल, जमीन और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *