Home / Sports / एसीजी जूनियर एनबीए 3वी3 टूर्नामेंट: आईटीएम ग्लोबल स्कूल और शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल ने जीता खिताब, नेशनल फाइनल्स के लिए किया क्वालिफाई

एसीजी जूनियर एनबीए 3वी3 टूर्नामेंट: आईटीएम ग्लोबल स्कूल और शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल ने जीता खिताब, नेशनल फाइनल्स के लिए किया क्वालिफाई

ख़बर शेयर करें:

इंदौर, 14 अक्टूबर। एसीजी जूनियर एनबीए 3वी3 नेशनल टूर्नामेंट का इंदौर चरण रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुआ। अंडर-16 लड़कों और लड़कियों की श्रेणी में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लड़कों के वर्ग में ग्वालियर के आईटीएम ग्लोबल स्कूल और लड़कियों के वर्ग में शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झलारिया की टीम ए ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। दोनों वर्गों की शीर्ष टीमों ने दिसंबर 2026 में होने वाले नेशनल फाइनल्स के लिए क्वालिफाई किया।

अंडर-16 लड़कों के वर्ग में आईटीएम ग्लोबल स्कूल के राजवीर सिंह, अक्षय खांची, हार्दिक रघुबंशी और मोहम्मद अमान की टीम विजेता बनी। एनी बेसेंट स्कूल की टीम ए उपविजेता रही, जबकि टीम बी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, लड़कियों के वर्ग में शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झलारिया की टीम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। विजेता टीम में रेनिशा सांवला, सफिया खान, आरना तेंदुलकर और तुहिना जोशी शामिल रहीं। आईटीएम ग्लोबल स्कूल की टीम ए दूसरे और एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की टीम जी तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल की आरना तेंदुलकर और आईटीएम ग्लोबल स्कूल के अक्षय खांची को स्केचर्स मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट के दौरान लड़कों की ऑल-स्टार टीम में नयन राठौड़, गौरव सालोद, आरव पांडे और लक्ष्य कुमार साह का चयन किया गया। लड़कियों की ऑल-स्टार टीम में पाखी सराफ, खुशी पुनिया, जैस्मिन पटेल और रोली पांड्या को जगह मिली।

‘व्हेयर स्टार्स आर बॉर्न’ थीम के तहत आयोजित इस टूर्नामेंट में वर्ष 2026 से अंडर-16 कैटेगरी शुरू की गई है। इसका उद्देश्य युवा बास्केटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए), एसीजी और बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। स्केचर्स टूर्नामेंट का आधिकारिक किट पार्टनर है।

इस वर्ष एसीजी जूनियर एनबीए 3वी3 नेशनल टूर्नामेंट देश के 10 शहरों अहमदाबाद, इंदौर, कोच्चि, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, प्रयागराज और लुधियाना में आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक जोन से लड़कों और लड़कियों की शीर्ष दो-दो टीमें तथा दोनों वर्गों की एक-एक ऑल-स्टार टीम दिसंबर में आयोजित नेशनल फाइनल्स में हिस्सा लेंगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष इस कार्यक्रम में देशभर के 900 स्कूलों की लगभग 2,000 टीमों के 8,000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस दौरान 2,700 से ज्यादा मुकाबले खेले गए थे। एसीजी जूनियर एनबीए कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में बास्केटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करना है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *