Home / Chhattisgarh / आंवला नवमी पर जगह-जगह हुई वृक्षों की पूजा, आरोग्यमय जीवन की मांगी कामना

आंवला नवमी पर जगह-जगह हुई वृक्षों की पूजा, आरोग्यमय जीवन की मांगी कामना

ख़बर शेयर करें:
  • आंवले के पेड़ में रक्षासूत्र बांधकर महिलाओं ने की परिक्रमा, वृक्षों की छांव में सामूहिक भोज का भी हुआ आयोजन

कोरबा, 18 नवंबर 2026। तीज-त्योहारों की समृद्ध परंपरा के बीच कार्तिक शुक्ल नवमी पर बुधवार को कोरबा नगर से लेकर उपनगरीय क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और आरोग्यमय जीवन की कामना की।

कोरबा के अशोक वाटिका सहित नगर निगम द्वारा विकसित विभिन्न पार्कों, वन विभाग कार्यालय परिसर, बालकोनगर के हाउसिंग बोर्ड स्थित आंवला पार्क, कटघोरा के हनुमानगढ़ी, नोनबिर्रा फार्म हाउस, भजनानंद सेवा आश्रम केंदई, प्रगति नगर दीपका और प्राचीन राम-जानकी मंदिर सीतामढ़ी में विशेष आयोजन किए गए। इन स्थानों पर मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने आंवले के वृक्ष के नीचे एकत्र होकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने वृक्ष के तने पर रक्षासूत्र बांधा और परिक्रमा कर परिवार के सभी सदस्यों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। इसी कारण कार्तिक शुक्ल नवमी को आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन वृक्ष के नीचे भोजन करने और दान-पुण्य करने की भी परंपरा है। इसी परंपरा के तहत विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष की छांव में सामूहिक भोज का आनंद लिया।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. रमेशचंद्र पांडेय ने बताया कि आंवले का फल ही नहीं, बल्कि इसकी पत्तियां, छाल और जड़ भी चिकित्सा की दृष्टि से उपयोगी हैं। आयुर्वेद में आंवले को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। यह स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि आंवला नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और वृक्षों के संरक्षण का संदेश भी देता है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *