फर्जी नाम और पहचान के साथ दिल्ली में रह रही चीनी महिला गिरफ्तार

फर्जी नाम और पहचान के साथ दिल्ली में रह रही चीनी महिला गिरफ्तार

October 21, 2022 Off By NN Express

दिल्ली,21 अक्टूबर I पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने फर्जी नाम से भारत में रहने और कथित रूप से राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान काई रूओ के रूप में हुई है और वह चीन के हैनान प्रांत की रहने वाली है। पुलिस ने कहा कि वह एक नेपाली नागरिक के तौर पर भारत में रह रही थी और उसे उत्तरी दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके से हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान उसके पास से डोलमा लामा के नाम से एक नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र बरामद किया गया। हालांकि, जब क्षेत्रीय विदेशी पंजीकरण कार्यालय से पूछताछ की गई, तो पता चला कि वह एक चीनी नागरिक है और 2019 में भारत आई थी।दिल्ली पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि महिला को यह जानकारी मिलने के बाद मजनूं का टीला से हिरासत में ले लिया गया कि वह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल है और भारत में नेपाली नागरिक के रूप में रह रही है।

पुलिस ने कहा कि 17 अक्टूबर को उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), 419 (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना), 467 (मूल्यवान सुरक्षा की जालसाजी) व अन्य संबंधित धाराओं और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।