ओडिशा में मंडरा रहा चक्रवात का खतरा, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी…

ओडिशा में मंडरा रहा चक्रवात का खतरा, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी…

October 19, 2022 Off By NN Express

नई दिल्ली,19 अक्टूबर  देश के अधिकतर राज्यों से मानसून की विदाई हो गई है। दक्षिण भारत में अभी भी मानसून का दौर जारी है। पहाड़ों पर अगले 24 घंटों के दौरान बर्फबारी जारी रहेगी। वहीं ओडिशा में चक्रवात सी-तरंग का खतरा बना हुआ है।दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत अधिकतर राज्यों में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह बंद हो गई हैं।  उत्तर भारत में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। दिल्ली में मौसम की बात करें तो आज यानी 19 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, दिवाली से पहले ही दिल्ली में प्रदूषण का बढ़ता स्तर लोगों को परेशान करने लगा है।

वहीं दक्षिण के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। कर्नाटक-केरल में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं ओडिशा पर चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। चक्रवात ओडिशा की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। आइए जानते हैं देश भर के मौसम पर IMD ने क्या दी जानकारी। स्काईमेट वेदर के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर को समुद्री तूफान सी-तरंग बन सकता है। इसका प्रभाव उत्तरी आंध्र प्रदेश से होते हुए तटीय ओडिशा और गंगेए पश्चिम बंगाल के कई जिलों में देखा जाएगा।

पहाड़ों पर अगले 24 घंटों के दौरान बर्फबारी जारी रहेगी। दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और उत्तरी महाराष्ट्र का मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिणी महाराष्ट्र सहित दक्षिण भारत में बारिश जारी रहेगी।

इन राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी


मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 19 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD ने 7 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा पर बढ़ा सी-तरंग चक्रवात का खतरा


ओडिशा पर चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। थाइलैंड ने इसका नाम सी-तरंग रखा है, जो ओडिशा की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल उत्तर-अंडमान सागर एवं इसके समीपवर्ती क्षेत्र में चक्रवात सक्रिय है, जो गुरुवार तक गहरे दबाव में तब्दील हो जाएगा। सी-तरंग बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में केंद्रित होगा। बाद में यह पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।

22 अक्टूबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में यह गहरे दबाव में तब्दील होगा। इसके प्रभाव से ओडिशा में 22 अक्टूबर की सुबह से ही वर्षा शुरू हो जाएगी। इस दौरान हवा की गति 45 से 65 किमी प्रति घंटा होगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए ओडिशा सरकार सक्रिय हो गई है। मंगलवार को विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सात जिलों के डीएम शामिल हुए। लोगों को कोई नुकसान न पहुंचे, इसे सुनिश्चित करने का जिम्मा अफसरों को सौंपा गया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, 20 अक्टूर तक हो सकती बारिश


उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। पहाड़ों पर बारिश शुरू हो गई है। 19 से 20 अक्टूबर तक प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश का अनुमान है। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना जताई गई।