कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण

January 25, 2024 Off By NN Express

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आयुष्मान कार्ड महाभियान शिविर, श्रम कार्ड पंजीयन शिविर, धान खरीदी केंद्र एवं तरल अपशिष्ट शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आज जिले के स्कूलों में चल रहे आयुष्मान महाभियान के तहत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तिलई के शिविर में जाकर आयुष्मान कार्ड पंजीयन के कार्यों का जायजा लिया साथ ही पंजीयनकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान पंजीयन से छूटे हुए लोगों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश अधिकारी कर्मचारियों को दिए। इसके पश्चात उन्होंने तिलई में श्रमिकों के पंजीयन कार्ड बनाए जाने हेतु आयोजित श्रमिक पंजीयन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया, विभाग की योजना से पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पंजीकृत श्रमिकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में समस्त मनरेगा जॉब कार्डधारी श्रमिकों का श्रम कार्ड बनाया जाये। उन्होंने जनपद पंचायत वार लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित किये जाने एवं श्रम विभाग की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

       कलेक्टर छिकारा ने तिलई के धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर धान बेचने आये किसानों से चर्चा कर समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान का तौल और मॉइश्चर मीटर से धान की नमी की जांच भी करवाई, धान के किस्मों को भी परखा और निर्धारित मात्रा में ही धान तौलने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौसम को देखते हुए धान के उचित रखरखाव के संबंध में निर्देशित किया, जिससे धान का नुकसान न हो। कलेक्टर ने ग्राम पीपरसती में बनाये जा रहे तरल अपशिष्ट शोधन संयंत्र (एफएसटीपी प्लांट) के धीमे निर्माण कार्य को देखते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधितों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने बनाई गई कार्ययोजना के साथ शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर श्री छिकारा ने आदर्श ग्राम कार्य योजना बनाने को लेकर ग्राम अमलीपाली पहुंचे। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गांव में सोख्ता गड्ढा सेग्रीगेशन शेड, सहित स्वच्छता को लेकर चलाये जा रहे कार्यों की जानकारी ली उन्होंने कहा कि एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए जरूरी है सभी नियमित रूप से स्वच्छता के सभी स्तरों को बनाये रखे। उन्होंने कहा कि सभी घरों , चौक चौराहों पर डस्टबिन की सुविधा उपलब्ध रहे और सभी घरों में कचरा का उचित निपटान करते हुए डोर टू डोर कचरा उठाने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि सभी ग्रामीण मिलकर श्रमदान करते हुए एक साथ मिलकर साफ सफाई पर ध्यान दे। इस दौरान उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं से स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान की भी चर्चा की।