गैस सिलेंडर में लगी आग, झुलसने से बुजुर्ग महिला की मौत, महिला सहित दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे

गैस सिलेंडर में लगी आग, झुलसने से बुजुर्ग महिला की मौत, महिला सहित दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे

January 6, 2024 Off By NN Express

फूफ। फूफ थाना अंतर्गत वार्ड सात में एक फ्रिज का कंप्रेशर अचानक फट गया। जिससे फ्रिज के पास रखे सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग घर में तेजी से फैल गई। इससे एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे हुए घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद महिला को ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया है। घटना शुक्रवार रात करीब सात बजे की है।

जानकारी के अनुसार वार्ड सात निवासी मनोज जोशी के घर में रखे फ्रिज का कंप्रेशर अचानक फट गया। जिससे फ्रिज के पास रखे सिलेंडर में भी आग लग गई। आग की लपटें तेजी से कमरे में फैल गई। इससे 78 वर्षीय कमला देवी भी आग चपेट में आ गई। साथ ही 14 वर्षीय खुशी जोशी और 10 वर्षीय देवू जोशी भी झुलस गए। इधर, आग लगने की सूचना पर बुझाने पहुंची 35 वर्षीय रंजना जोशी भी गंभीर रूप से झुलस गई।

कमला देवी की मौत

सिलेंडर में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह जलते हुए सिलेंडर को आबादी वाले एरिया से दूर ले गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घर में लगी आग पर काबू पाया। साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए। ट्रामा सेंटर में डाक्टर ने जांच के बाद कमला देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल रंजना जोशी को प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया। जबकि खुशी और देवू का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है।