तीन राज्यों के नतीजों के बाद पीएम मोदी ने कहा : जनता-जनार्दन को नमन

तीन राज्यों के नतीजों के बाद पीएम मोदी ने कहा : जनता-जनार्दन को नमन

December 3, 2023 Off By NN Express

नई दिल्ली। देश के 4 राज्‍यों में आज विधानसभा चुनाव के परिणाम आ गए हैं। 3 राज्‍यों छत्‍तीसगढ़, मध्‍य प्रदेश और राजस्‍थान में भाजपा की सरकार बनी है। चुनाव परिणाम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्‍स करके तीनों राज्‍यों की जनता को बधाई दी है।

पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करके जनता का आभार जताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘जनता-जनार्दन को नमन! मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा भाजपा में है। भाजपा पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए मैं इन सभी राज्यों के परिवारजनों का, विशेषकर माताओं-बहनों-बेटियों का, हमारे युवा वोटर्स का हृदय से धन्यवाद करता हूं। मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे।’  

उन्होंने आगे लिखा, ‘इस अवसर पर पार्टी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार! आप सभी ने अद्भभुत मिसाल पेश की है। भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है। हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें ना रुकना है, ना थकना है। हमें भारत को विजयी बनाना है। आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है।’