जांजगीर : विद्युतनगर काॅलोनी में उत्साह से मना दशहरा उत्सव

जांजगीर : विद्युतनगर काॅलोनी में उत्साह से मना दशहरा उत्सव

October 25, 2023 Off By NN Express

जांजगीर 25 अक्टूबर 2023- अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है दशहरा उत्सव। आप सब मिलजुलकर आवासीय काॅलोनी में दशहरा उत्सव मना रहे हैं इसके लिए आपको बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी हो या रावण का पुतला सभी को तैयार करने में आप सबकी मेहनत की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। यह बातें कार्यपालक निदेशक एसके बंजारा ने दशहरा उत्सव में उपस्थित जनसमूह के बीच कही।

अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा के आवासीय काॅलोनी विद्युतनगर बसंतपुर में छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक विकास मंच दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में दशहरा उत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। यहां 75 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया गया। यहां रावण लाल आंखें दिखाकर अट्टाहास कर रहा था। वह भगवान श्रीराम को चुनौती भी दे रहा था। लेकिन भगवान श्रीराम ने उसे तीर मारकर धरती पर धराशायी कर दिया और उसका अहं चूर-चूर हो गया। भगवान श्रीराम के साथ भाई लक्ष्मण, वीर हनुमान और जामवंत समेत वानरों की सेना मौजूद रही।

इसके पूर्व काॅलोनी में बाजेगाजे के साथ भगवान श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी निकाली गई। दशहरा मैदान पर कार्यपालक निदेशक एसके बंजारा एवं श्रीमती निवेदिता बंजारा द्वारा भगवान श्रीराम-लक्ष्मण की पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही जोरदार आसमानी आतिशबाजी की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुुख्य अभियंता राजाबाबू कोसरे व एस. खान, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ डाॅ. आरके तिवारी उपस्थित रहे। दशहरा उत्सव में आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक विकास मंच दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष तेजराम सिरमौर एवं उनकी टीम, आवासीय काॅलोनी की बहनें और सिविल, सीएचपी, बाॅयलर एवं इलेक्ट्रिल विभाग की टीम द्वारा दशहरा उत्सव में अतुलनीय सहयोग प्रदान किया गया।