स्वास्थ्य मंत्री ने सिंहदेव जनपद सभाकक्ष व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

स्वास्थ्य मंत्री ने सिंहदेव जनपद सभाकक्ष व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

October 12, 2022 Off By NN Express

अम्बिकापुर ,12 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को उदयपुर के जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष व ग्राम सलका में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत पूजा अर्चना कर व फीता काट कर लोकार्पण किया। सभाकक्ष का सौंदर्यीकरण जनपद विकास व समग्र याद से करीब 13 लाख रुपए की लागत से किया गया है। यह सभाकक्ष जनपद स्तर पर संभाग का सबसे बड़ा और सुसज्जित सभाकक्ष है। उन्होंने सभाकक्ष में एसी की व्यवस्था के लिए राशि उपलब्ध कराने की बात कही। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका का निर्माण करीब 75 लाख रुपए की लागत से हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया व स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित स्टाफ  के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सिंहदेव ने कहा कि जनपद कार्यालय के इस सुसज्जित सभाकक्ष में विकास व समाज को आगे ले जाने से संबंधित चर्चा, परिचर्चा के साथ ही महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्था एक अग्रणी संस्था है। त्रिस्तरीय पंचायतीराज में ग्राम पंचायत सबसे सशक्त इकाई है। हालांकि निगरानी जनपद व जिला स्तर पर होती है। जनपदों को जितनी अधिकार होनी चाहिए उतनी उतनी संरचना नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि सरगुजा अनुसूचित क्षेत्र में आता है जहां पेसा नियम लागू है। पेसा के नए नियम को कैबिनेट द्वारा पास कर दिया गया है। पेसा क्षेत्रों में ग्रामसभा के गठन तथा ग्रामसभा की सशक्तिकरण सहित जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से संबंधित है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्थानीय आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा व वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, जनपद अध्यक्ष भोजवंती सिंह, उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, शिवानी जायसवाल, मंडी बोर्ड के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह जनपद सीईओ पारस पैकरा सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।