बारिश की वजह से ढहा कच्चा मकान, 2 की मौत

बारिश की वजह से ढहा कच्चा मकान, 2 की मौत

October 11, 2022 Off By NN Express

अयोध्या ,11 अक्टूबर  यूपी में बारिश की वजह से कच्चा मकान ढह जाने से 2 लोगों की दबकर मौत हो गई है, वहीं 2 घायल हैं। मकान ढहने से पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।यह घटना अयोध्या जिले के इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के बसवार कलां गांव की है, जहां बारिश के कारण कच्चा मकान गिरने से मलबे में पूरा परिवार दब गया। जिसमें एक महिला और बच्चे की मौत हो गई है तथा दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मौके पर हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी प्रभारी रजनीश पाण्डेय पहुंच कर कार्रवाई कर रहे हैं। घटना मंगलवार सुबह चार बजे की है। बताया गया कि कला मजरे सरफराज नाई का पुरवा में लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के चलते अब्दुल मजीद उर्फ डगडग का कच्चा मकान ढह गया। मकान के अन्दर ही पूरा परिवार सो रहा था। मकान ढहने से पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। अगल-बगल रहने वाले लोगों के हल्ला गुहार पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

ग्राम प्रधान अशोक तिवारी ने बताया कि अब्दुल मजीद उर्फ डगडग (60) व उनकी पत्नी मेहरूल निशा (58) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं बगल में लेटी उनकी बेटी शकीना (35) व नाती साहबान (4) की मृत्यु हो गई है। बताया गया कि शकीना बारावफात में अपने मायके निमंत्रण में आयी थी। मौके पर मिल्कीपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।