डीजे को लेकर सांप्रदायिक हिंसा, धार्मिक स्थल के सामने चले ईट-पत्थर, फूंकी गई बोलेरो-जीप

डीजे को लेकर सांप्रदायिक हिंसा, धार्मिक स्थल के सामने चले ईट-पत्थर, फूंकी गई बोलेरो-जीप

October 11, 2022 Off By NN Express

सुलतानपुर, 11 अक्टूबर । दुर्गापूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान बल्दीराय थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में दो पक्ष के बीच विवाद में ईंट-पत्थर चले। जिसमें पुलिसकर्मी सहित लगभग छह लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव के विसर्जन शोभायात्रा के दौरान थाना बल्दीराय के इब्राहिमपुर इलाके में सोमवार की शाम सांप्रदायिक दंगे की स्थिति बन गई, जब दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के सामने अराजक तत्वों ने डीजे बजा रहे लोगों पर पथराव कर दिया। सांप्रदायिक हिंसा में छह लोगों को चोट आई है। कई थाने की फोर्स मौके पर भेजी गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए है।

स्थानीय इब्राहिमपुर इलाके के निकट डीजे बजाते हुए मां भगवती की प्रतिमा को श्रद्धालु विसर्जन करने जा रहे थे कि धार्मिक स्थल के सामने डीजे बजाने को लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और पथराव शुरू हो गया। डीजे बजाने वाले पक्ष से लगभग छह से अधिक लोग लहूलुहान हो गए। जिन्हें गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले जाया गया है। कुछ पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की बात सामने आ रही है, जो बचाव करने मौके पर गए हुए थे। कई थानों की फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। दंगाइयों को चिन्हित करने के लिए पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर शीघ्र सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर बोलेरो वाहन फूंके जाने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान पथराव को देखते हुए पुलिस ने रूट मार्च शुरू कर दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे है।