संगीता की मौत मिर्गी का दौरा से नहीं बल्कि पीटने से हुई

संगीता की मौत मिर्गी का दौरा से नहीं बल्कि पीटने से हुई

October 9, 2022 Off By NN Express

पड़ोसी की तहरीर पर पति के विरूद्ध हत्या के आरोप में केस दर्ज

मुरादाबाद, 09 अक्टूबर । मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार ईडब्ल्यूएस निवासी महिला संगीता की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से नहीं बल्कि पति सरदार धर्मप्रीत सिंह के बहुत ज्यादा पीटने से हुई थी। इस बात का खुलासा शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ। मृतका संगीता के पड़ोसी की तहरीर पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने शनिवार को गैर इरादतन हत्या के मामले में संगीता के पति सरदार धर्मप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पति फरार है।थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार ईडब्ल्यूएस निवासी धर्मप्रीत सिंह का विवाह वर्ष 2018 में पंजाब निवासी अनाथ संगीता के साथ हुआ था। वह अपनी पत्नी संगीता के साथ रामगंगा विहार में ही रहता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। बीते 3 अक्टूबर को सोनकपुर स्टेडियम के पास ट्रिपल स्टोरी निवासी धर्मप्रीत ने अपनी पत्नी संगीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उसे अकेला छोड़कर अस्पताल से फरार हो गया था।

5 अक्टूबर को उपचार के दौरान संगीता की मौत हो गई थी। पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराते समय पति धर्मप्रीत सिंह ने जिला अस्पताल में बताया था कि उसकी पत्नी को मिर्गी का दौरा पड़ा था और वो घर में ही गिरने के बाद चोटिल हो गई थी। पुलिस ने संगीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि संगीता की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से नहीं बल्कि बहुत ज्यादा पीटने से हुई थी। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। शुक्रवार को सरदार धर्मप्रीत के पड़ोसी चंदन सिंह ने धर्मप्रीत के खिलाफ तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी थी। संगीता के पड़ोसियों ने भी बताया धर्मप्रीत आए दिन शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।

सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि चंदन सिंह की तहरीर के आधार पर धर्मप्रीत सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।