कोण्डागांव : आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा अजजा मोर्चा ने नेशनल हाइवे-30 पर किया चक्काजाम

कोण्डागांव : आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा अजजा मोर्चा ने नेशनल हाइवे-30 पर किया चक्काजाम

October 9, 2022 Off By NN Express

कोण्डागांव, 09 अक्टूबर । आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (अजजा) मोर्चा ने शनिवार को कोण्डागांव में नेशनल हाइवे 30 पर चक्का जाम कर दिया।

फ़ोटो
फ़ोटो
फ़ोटो

इस संभाग स्तरीय चक्का जाम प्रदर्शन में पूरे बस्तर संभाग के भाजपा नेता शामिल होने पहुंचे थे, जिनमें पूर्व मंत्री लता उसेंडी, केदार कश्यप, राजेश मूणत, सुभाउ कश्यप सहित अन्य नजर आए। यह चक्का जाम और धरना प्रदर्शन दोपहर 12 से लगभग 3 बजे तक जारी रहा, जिसकी वजह से 3 घण्टे से भी अधिक समय तक नेशनल हाइवे 30 पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और आवाजाही पूर्णतः ठप्प रहा। वहीं इस वजह से मुसाफिर काफी परेशान नजर आए और कुछ ने बस से अपना सामान उतरवाकर पैदल ही अपनी मंजिल का सफर तय करना शुरू कर दिया।

चक्का जाम और धरना प्रदर्शन को लेकर मौके पर मौजूद पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य लता उसेंडी ने कहा कि, उच्च न्यायालय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार द्वारा आदिवासियों के पक्ष में ठीक से बात नहीं रख पाने के कारण लोक सेवा आरक्षण संशोधन विधेयक अपास्त हो गया। आदिवासियों के 32 प्रतिशत आरक्षण पर कांग्रेस सरकार की नाकामी के गंभीर दुष्परिणाम अब सामने आने लगे है। बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में 2012 से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के रिक्तियों में जो स्थानीय निवासियों द्वारा ही भरा जाना अनिवार्य था उसे भी अब इस कांग्रेस सरकार द्वारा आदेश निकालकर छीन लिया गया है। इसके लिए स्पष्ट रूप से भूपेश सरकार जिम्मेदार है। उल्लेखनीय है कि, भाजपा 9 अक्टूबर से जनजाति बहुल क्षेत्रों में ग्राम संपर्क अभियान चलाकर गांव गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। 13 से 18 अक्टूबर तक कांग्रेस के जनजाति समाज के विधायक और सांसद के निवास का घेराव कर उनसे इस मुद्दे पर जवाब मांगा जायेगा।