पाकिस्तान में सड़क दुर्घटना में 18 यात्रियों की मौत

पाकिस्तान में सड़क दुर्घटना में 18 यात्रियों की मौत

August 21, 2023 Off By NN Express

दिल्ली। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार सुबह एक बस में आग लग गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, वहीं करीब 15 लोग घायल हैं। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना सुबह करीब 4:30 बजे लाहौर से लगभग 140 किमी दूर फैसलाबाद मोटरवे के पिंडी भट्टियां शहर में हुई।



यहां बस एक पिकअप वैन से टकरा गई। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जो कराची से इस्लामाबाद जा रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों के ड्राइवर की जलने से मौत हो गई।



वैन में रखे थे ईंधन टैंक
फैसलाबाद मोटर-वे के IG सुल्तान ख्वाजा ने कहा कि पिंडी भाटियां खंड पर बस ने एक वैन को पीछे से टक्कर मारी जो ईंधन टैंक ले जा रही थी। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।



झुलसे हुए अन्य 16 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। जो यात्री बस से कूदने में कामयाब रहे वे बच गए। दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि या तो दुर्घटना के समय बस चालक सो गया होगा या मुमकिन है कि ज्यादा स्पीड की वजह से ये हादसा हुआ होगा।



DNA से होगी मृतकों की पहचान
IG ने कहा कि अगर वैन में ईंधन टैंक नहीं होता तो दोनों वाहनों में आग नहीं लगती। जान गंवाने वालों की पहचान DNA परीक्षण के जरिए की जाएगी, जिसके बाद शव उनके परिवारों को सौंप दिए जाएंगे। पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। अधिकारियों को घायलों को अच्छा उपचार करने का निर्देश दिया गया।



पाकिस्तान में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है। इससे पहले जुलाई में भी पंजाब के राजनपुर जिले के फाजिलपुर इलाके में एक बस के पलट जाने से एक महिला और दो नाबालिगों सहित 5 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें 20 अन्य लोग घायल हो गए थे।