नदी में डूबने से दो की मौत, परिवार में पसरा मातम….

नदी में डूबने से दो की मौत, परिवार में पसरा मातम….

August 11, 2023 Off By NN Express

आरा I भोजपुर जिले की अलग-अलग जगहों पर बनास नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। बाद में दोनों शवों को बरामद किया गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार की रात सदर अस्पताल, आरा में कराया गया।

पहले मामले में चरपोखरी थाना क्षेत्र के मनैनी टोला गांव में मछली मारने के दौरान नदी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक 50 वर्षीय रामदयाल चौधरी चरपोखरी थाना क्षेत्र के मनैनी टोला गांव निवासी बसावन चौधरी का पुत्र था। वह पेशे से किसान था।

इधर, मृतक के पुत्र वीर बहादुर कुमार ने बताया कि उनके पिता राम दयाल चौधरी घर से खेत घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान बनास नदी के किनारे जाकर मछली पकड़ने लगे।

नदी में डूबने मौत

मछली पकड़ने के दौरान वे बनास नदी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक अपने तीन भाई व तीन बहन में तीसरे स्थान पर थे। मृतक के परिवार में पत्नी सविता देवी, दो पुत्री अंजली, बसंती व दो पुत्र वीर बहादुर कुमार एवं कृष्ण कुमार है। इस घटना के बाद की पत्नी सविता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरे मामले में थाना क्षेत्र के सुअरी गांव में स्थित बनास नदी में डूबने से किसान की मौत हो गई। मृतक 53 वर्षीय बालेश्वर सिंह चरपोखरी थाना क्षेत्र के डेगो डीहरी गांव निवासी स्व. देवनाथ सिंह का पुत्र था। वे पेशे से किसान थे।

मृतक के परिजन हरेंद्र सिंह ने बताया कि वे घर से खाना खाकर खेत में जाने के लिए निकले थे। इस बीच वे गांव के ही बनास नदी में डूब गए और बह कर सुअरी गांव स्थित बनास नदी में चले आए।

घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच गुरुवार की शाम सुअरी गांव के लोगों ने फोन कर इसकी सूचना परिजनों को दी गई।

मृतक अपने तीन भाई व दो बहन में चौथे स्थान पर थे। मृतक के परिवार में पत्नी रामकलीय देवी, दो पुत्री कांति देवी, देवांती देवी व तीन पुत्र उपेंद्र, रविंद्र एवं जितेंद्र हैं। इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी रामकलीय देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।