धमतरी : शहर में गुपचुप चल रहा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कारोबार

धमतरी : शहर में गुपचुप चल रहा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कारोबार

October 7, 2022 Off By NN Express

धमतरी, 07 अक्टूबर । जिले में एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग व उत्पादन प्रतिबंधित हो गया है। इसके लिए पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर में इसके उपयोग पर रोक व जागरूकता के लिए निगम ने शुरू में प्रयास किया लेकिन वर्तमान में निगम की ओर से कार्रवाई नहीं हो रही है। शहर में एसयूपी उपयोग में लाया जा रहा है। मालूम हो कि नगर निगम प्रशासन ने इस माह के शुरुआत में प्रतिबंधित पालिथीन बेचने के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए गोलबाजार की सभी दुकानों एवं आस पास के नौ दुकानों में छापामार कार्यवाही कर प्रतिबंधित सामानों को जब्ती की थी। शहर की किराना दुकान से पालिथीन, डिस्पोजल, प्रतिबंधित फाइबर प्लेट जब्त किए थे। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पादों को पूर्णरूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है,जिसको लेकर नगर निगम पहले जागरूक और जब्ती की कार्यवाही करते हुए लोगों को समझाइश दी गई थी लेकिन कुछ लोगों द्वारा अभी भी बैन सामग्रियों का विक्रय एवं उपयोग कर रहे हैं।

आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों को उपयोग से बाहर करने के लिए अधिसूचना जारी की है। इसके तहत कार्रवाई जारी है। कार्रवाई के लिए निगम द्वारा आठ सदस्यीय टीम बनाई गई है। इनका उदेश्य लोगों को जागरूक करना है। इसके तहत कई आम नागरिक एवं व्यापारियों को जागरूक करने के लिए मुनादी भी की जा रही है।

इन वस्तुओं पर है पाबंदी

जारी नोटिस के मुताबिक एक जुलाई से प्लास्टिक स्टिक वाले ईयरबड, गुब्बारे में लगने वाले प्लास्टिक स्टिक, प्लास्टिक के झंडे, कैंडी स्टिक, आइसक्रीम स्टिक, सजावट में काम आने वाले थर्माकोल आदि शामिल हैं। इसके साथ ही प्लास्टिक कप, प्लेट, गिलास, कांटा, चम्मच, चाकू, स्ट्रॉ, ट्रे जैसी कटलेरी आइटम, मिठाई के डिब्बों पर लगाई जाने वाली प्लास्टिक, प्लास्टिक के निमंत्रण पत्र, 100 माइक्रोन से कम मोटाई वाले पीवीसी बैनर आदि शामिल हैं।

महापौर ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील

महापौर विजय देवांगन ने प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का विक्रय नहीं करने के लिए व्यापारियों से निवेदन करते हुए आम नागरिकों से भी सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नहीं करने की अपील की और कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के लिए यह आवश्यक है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार किया जाए। किसी भी प्रकार की सामग्री लेने के लिए कपड़े से बने थैले इत्यादि का उपयोग करें। प्लास्टिक से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसको देखते हुए धमतरी निगम क्षेत्र में प्लास्टिक को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।