Bilaspur News : AAP की मेगा रैली आज, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश; एक लाख की भीड़ जुटने का दावा

Bilaspur News : AAP की मेगा रैली आज, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश; एक लाख की भीड़ जुटने का दावा

July 2, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर।प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को बिलासपुर में महारैली और जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. संदीप पाठक भी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। साइंस कॉलेज में आयोजित जनसभा में पार्टी ने एक लाख कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने का दावा किया है।

रायपुर के बाद बिलासपुर प्रदेश का दूसरा बड़ा संभाग है। यहां 24 विधानसभा सीटें हैं। यही वजह है कि AAP ने महारैली के लिए के लिए इस बार बिलासपुर को चुना है और आज होने वाले इस आयोजन में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को फिर से बुलाया गया है।

साइंस कॉलेज मैदान में आमसभा के लिए बनाया गया है विशाल डोम।

साइंस कॉलेज मैदान में आमसभा के लिए बनाया गया है विशाल डोम।

कार्यकर्ताओं में है काफी उत्साह
पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने बताया कि आज न्यायधानी बिलासपुर में होने वाली महारैली की तैयारियां पूरी हो गईं है। इस आयोजन को लेकर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और पार्टी से प्रदेश की जनता को नई उम्मीदें है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री दोपहर एक बजे बिलासा देवी केंवटिन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। फिर रैली की शुरुआत होगी और दोपहर 1.30 बजे साइंस कॉलेज मैदान में सभा होगी।

नेताओं के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं।

नेताओं के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं।

प्रदेश प्रभारी बोले- भाजपा और कांग्रेस से तंग आ चुकी है प्रदेश की जनता
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने बताया कि प्रदेश की जनता भाजपा के 15 साल के कुशासन और लूट के रिकॉर्ड के बाद कांग्रेस के भूपेश सरकार की पांच साल के भ्रष्टाचार से ऊब गई। आम आदमी पार्टी को यहां की जनता एक विकल्प के रूप में देख रही है। दोनों पाटिर्यों से अब यहां की जनता ठगी हुई महसूस कर रही है। हमारे संगठन का विस्तार छत्तीसगढ़ के गांव तक हर एक टोला तक पहुंच चुका है।

दिल्ली और पंजाब की तरह चल रहा कैंपेन
‘AAP’ की प्रदेश सचिव और एडवोकेट प्रियंका शुक्ला ने बताया कि पार्टी की सदस्यता अभियान में प्रदेश के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अब पार्टी के पदाधिकारी दिल्ली और पंजाब की तरह प्रदेश के सभी जिलों में कैंपेन चला रहे हैं। इसके तहत डोर-टू-डोर सर्वे चल रहा है और लोगों को आम आदमी पार्टी की रीति-नीति के साथ ही दिल्ली में हुए विकास कार्य और जनहित के कामों की जानकारी दी जा रही है। उन्हें भरोसा दिलाया जा रहा है कि अगर प्रदेश में ‘आप’ की सरकार बनी तो यहां भी दिल्ली की तरह काम होगा।