नींद की झपकी आने से टेम्पो अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित यात्री शेड में घुस गया। हादसे में घायल चालक ने उपचार को ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायल हेल्पर का उपचार सरकारी अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा रविवार तड़के हाईवे पर डिडौली हुआ।
उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर के थाना साकेत मार्ग क्षेत्र के गांव रणमंदिर निवासी दिनेश विश्वास टेम्पो चालक थे। उनके साथ उत्तराखंड के कस्बा सितारगंज निवासी माधव सरकार बतौर हेल्पर है। शनिवार रात दोनों टेम्पो में दिल्ली से गद्दे लाद कर मुरादाबाद की तरफ ले जा रहे थे।
जब डिडौली में डीएनस कालेज के सामने पहुंचे तो चालक दिनेश को नींद की झपकी आ गई। जिससे अनियंत्रित हुआ टेम्पो यात्री शेड में जा घुसा। हादसे में दिनेश व माधव गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला।
उपचार को ले जाते समय रास्ते में चालक दिनेश विश्वास की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक प्रवेज चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि घायल का उपचार चल रहा है। मृतक व घायलों के स्वजन भी आ गए हैं।


