बहन की डोली से पहले घर से उठी भाई की अर्थी, शादी की तैयारियों के बीच परिवार में पसरा मातम….

बहन की डोली से पहले घर से उठी भाई की अर्थी, शादी की तैयारियों के बीच परिवार में पसरा मातम….

June 5, 2023 Off By NN Express

गोरखपुर जिले में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। दो दिन बाद घर में बहन की बरात आनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारी में जुटे थे। रसोई गैस सिलेंडर लेने मौसी के घर गया भाई लौटते समय हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घरवाले बीआरडी मेडिकल कालेज ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई की मौत की खबर सुनते ही घर में मातम पसर गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौसी के घर से सिलेंडर लेकर आ रहा था युवक

भटहट कस्बा निवासी मोनू यादव की छोटी बहन नंदिनी की छह जून को शादी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारी में जुटे थे। रविवार को मोनू रसोई गैस सिलेंडर लाने अपने साथी संग महराजगंज जिले के पनियरा, बभनौली में रहने वाली मौसी के घर गया था। शाम को बाइक से सिलेंडर लेकर लौट रहा था।

रास्ते में अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। पीछे बैठे मोनू के सिर में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से साथी उसे बीआरडी मेडिकल कालेज ले आए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पांच भाई बहनों में मोनू चौथे नंबर पर था। उसके पिता अद्या की 20 वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

भगवानपुर में फंदे से लटक कर महिला ने दी जान

कैंपियरगंज क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर में फंदे से लटककर नीलम गुप्ता ने जान दे दी। पुलिस की पूछताछ में मृतका के ससुर ने बताया कि उनका पुत्र आशीष गुप्ता दुबई में काम करता है। फरवरी, 2023 में शादी होने की वजह से वह इस समय घर पर ही है। 12 जून को वापस जाने का टिकट था। दुबई साथ जाने की जिद को लेकर उसकी पत्नी नीलम विवाद कर रही थी। शनिवार की शाम को भी दोनों में विवाद हुआ था।

इसके बाद सभी अपने-अपने काम में लग गए और आशीष चौराहे की तरफ चला गया। रात 10 बजे घर आया तो उसकी पत्नी ने बुलाने पर दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद दरवाजे को तोड़कर अंदर पहुंचे तो वह छत की कुंडी में फंदे से लटकी हुई थी। पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।