दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने वाली महिला गिरफ्तार

दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने वाली महिला गिरफ्तार

June 1, 2023 Off By NN Express

गुरुग्राम 01 जून पुलिस ने एक महिला को कई पुरुषों के खिलाफ कथित तौर पर दुष्कर्म और मारपीट का फर्जी मामला दर्ज कराने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अब महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 182 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर 2022 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि एक व्यक्ति ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, सहारा मॉल में काम करने वाले बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट की और उन्होंने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।

पुलिस ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच करते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला मौके से सुरक्षित निकल रही है।

पूर्वी डीसीपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों और सहारा मॉल के कर्मचारियों से पूछताछ में भी महिला द्वारा लगाए गए आरोप झूठे और निराधार पाए गए। महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की हर एंगल से जांच की गई। कोई भी आरोप सही नहीं पाया गया। इसके बाद फर्जी एफआईआर को रद्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में महिला द्वारा झूठे आरोप लगाने और पुलिस को गुमराह करने का मामला दर्ज किया गया है।