Vat Savitri Vrat 2023: आज महिलाएं सुखद वैवाहिक जीवन की करेंगी कामना, पढ़ें…शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और सब कुछ

Vat Savitri Vrat 2023: आज महिलाएं सुखद वैवाहिक जीवन की करेंगी कामना, पढ़ें…शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और सब कुछ

May 19, 2023 Off By NN Express

Vat Savitri Vrat 2023: पति की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, सुख समृद्धि व सुखद वैवाहिक जीवन को लेकर सुहागिन आज वट सावित्री व्रत रखेंगी। अमावस्या तिथि गुरुवार रात नौ बजकर 42 मिनट से शुक्रवार रात नौ बजकर 22 मिनट तक रहेगी। सुबह सात बजकर 19 मिनट से 10 बजकर 42 मिनट तक पूजा का शुभ मूहुर्त रहेगा।

सत्यवान का प्राण यमराज से वापस ले आई थीं सावित्री

हिंदू धर्म के अनुसार, प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ माह के अमावस्या तिथि को वट सावित्री व्रत रखा जाता है। आचार्य डा. सुशांत राज के मुताबिक धार्मिक मान्यता के अनुसार वट सावित्री व्रत का महत्व करवा चौथ जितना होता है।

इस दिन व्रत रखकर सुहागिनें वट वृक्ष की पूजा करती हैं। माना जाता है कि इस दिन सावित्री अपने पति सत्यवान का प्राण यमराज से वापस ले आई थीं। तभी से महिलाएं सावित्री के सम्मान में पति की दीर्घायु की कामना के लिए इस व्रत को धारण करती हैं। उदया तिथि के चलते आज व्रट सावित्री व्रत रखा जाएगा।

इस तरह करें पूजा

वट वृक्ष के मूल में जल अर्पित कर वृक्ष की परिक्रमा करते हुए इसके मुख्य तने में कच्चा सूत लपेट कर आरती करें। दीया जलाएं। फल, फूल, मिष्ठान व घर से बने पकवान चढ़ाएं। भगवान विष्णु का ध्यान करेें। व्रती महिलाएं वट के नीचे बैठकर समूह में सावित्री व सत्यवान की कथा का श्रवण करें।

उमा की महिलाएं करेंगी पौधारोपण

उत्तरांचल महिलाए एसोसिएशन की अध्यक्ष साधना शर्मा ने बताया कि वट सावित्री व्रत के दिन संस्था से जुड़ी महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में वट, नींबू, पीपल, अमतलास का पौधा रोपण करेंगी। साथ ही उनकी सुरक्षा का भी संकल्प लिया जाएगा।

शनि जयंती पर आज होगी पूजा

आज शनि जयंती भी मनाई जाएगी। शनिभक्त मंदिरों व घरों में पूजा कर कष्ट निवारण की कामना करेंगे। नवग्रह शनि मंदिर गढ़ी कैंट, काली मंदिर देहराखास समेत विभिन्न शनि मंदिर में दीये जलाकर पूजा होगी। जरूरतमंदों को दान भी किया जाएगा।