महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर श्रमिक की पीट-पीट कर दी हत्या, CCTV की हो रही जांच…

महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर श्रमिक की पीट-पीट कर दी हत्या, CCTV की हो रही जांच…

April 19, 2023 Off By NN Express

जालंधर,19 अप्रैल । इनकम टैक्स कॉलोनी के सामने चल रहे निर्माणाधीन प्लॉट में रहने वाले कुछ लोगों ने प्लॉट में रहने वाली एक महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर एक श्रमिक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मिट्ठापुर निवासी रामू कुमार के रूप में हुई। रामू कुमार के भतीजे ट्रांसपोर्ट नगर निवासी श्याम कुमार के बयानों पर थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने इनकम टैक्स कॉलोनी के पास रहने वाले लक्ष्मण कुमार और जगननाथ सहित एक महिला और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

देर शाम पुलिस ने लक्ष्मण और जगननाथ को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपितों की पहचान करवाने और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को दिए बयानों में श्याम कुमार ने बताया कि रामू कुमार उसका मौसा लगता है। वह अपने मौसा रामू के साथ मिट्ठापुर में किसी रिश्तेदार के घर पर रात रहने के लिए गए थे। सुबह करीब पांच बजे जब घर पैदल वापस जा रहे थे तो इनकम टैक्स कालोनी के पास दो व्यक्ति और एक महिला खड़े थे। उक्त लोगों ने उसके मौसा पर आरोप लगाया कि उसने महिला को छेड़ा है। उसके मौसा ने विरोध किया तो उक्त दोनों युवक और महिला उसके मौसा रामू से हाथापाई करने लगे और उसे पास ही प्लाट में ले गए।

प्लाट में पहले से तीन लोग मौजूद थे। सभी ने मिल उसे बुरी तरह से पीटा। वह उसे बचाने के लिए गया तो उसे भी पीटा लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। पुलिस ने बयानों के आधार पर लक्ष्मण, जगननाथ सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने लक्ष्मण और जगननाथ को देर रात गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हत्या करने वालों ने ही पुलिस को किया गुमराह

रामू कुमार की हत्या करने के बाद उसके हत्यारे लक्ष्मण ने मौके पर पहुंची पुलिस को ही गुमराह कर दिया। इनकम टैक्स कॉलोनी के पास निर्माणाधीन प्लॉट में रह रहे लक्ष्मण ने पुलिस को बताया कि वह सुबह सात बजे शौच के लिए जा रहा था कि तभी उसने गंभीर हालात में व्यक्ति को पड़े हुए देखा था। वह उसके पास गया तो वो व्यक्ति पानी मांग रहा था। लक्ष्मण ने बताया कि उसने उसे पानी पिलाया और अपने साथियों को बुलाया कि कोई व्यक्ति पड़ा हुआ है। इसके बाद घटना के संबंध में पुलिस को सूचित किया।

CCTV से सच आया सामने

थाना छह की उप चौकी बस स्टैंड के इंचार्ज मेजर सिंह अपनी टीम सहित घटनास्थल पर जगह पहुंचे लेकिन उनके पहुंचने से पहले व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो कहानी अलग ही लग रही थी। फुटेज में बयान देने वाला लक्ष्मण मारपीट करते हुए रामू कुमार से बात करते नजर आया। इसके बाद दोपहर को श्याम कुमार भी पुलिस के पास आ गया और बयान दिया। इसके बाद लक्ष्मण और जगननाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।