ऑक्शन में बिकने पर निकल पड़े थे आंसू, पांच बहनों ने किया सपोर्ट, IPL 2023 में चमका जम्मू कश्मीर का नया सितारा

ऑक्शन में बिकने पर निकल पड़े थे आंसू, पांच बहनों ने किया सपोर्ट, IPL 2023 में चमका जम्मू कश्मीर का नया सितारा

April 16, 2023 Off By NN Express

कहते हैं एक इंसान को कामयाब बनाने के पीछे कई लोगों का हाथ होता है। ऐसी ही कुछ कहानी लखनऊ सुपर जायंट्स के नए तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह की भी है। क्रिकेटर बनने की राह आसान नहीं थी। पिता क्रिकेटर बनने के खिलाफ थे। हालांकि, पांच बहनों के सपोर्ट के चलते युद्धवीर का सपना साकार हुआ। आईपीएल 2023 के डेब्यू मुकाबले में युद्धवीर ऐसे चमके कि पूरा लखनऊ उनका फैन हो गया।

डेब्यू मैच में चमके युद्धवीर

पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में युद्धवीर ने अपनी गेंदबाजी से सनसनी फैला दी। आईपीएल में अपने डेब्यू मुकाबले में युद्धवीर ने पहले ही ओवर में अथर्व तायडे को बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद युद्धवीर जब अपने अगले ओवर में लौटे, तो प्रभसिमरन सिंह को बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड करते हुए जम्मू कश्मीर के युवा गेंदबाज ने लखनऊ में महफिल लूट ली। तीन ओवर के स्पैल में युद्धवीर ने मात्र 19 रन खर्च किए और दो बड़े विकेट झटके।

क्रिकेटर बनने के खिलाफ थे पिता

जम्मू कश्मीर के एक सामान्य फैमिली से ताल्लुक रखने वाले युद्धवीर सिंह के पिता उनके क्रिकेटर बनने के सपने के खिलाफ थे। युद्धवीर अपनी पांच बहनों के बीच इकलौते भाई थे और उनकी बहनों ने ही पिता को युद्धवीर के क्रिकेट खेलने के लिए मनाया।

ऑक्शन में बिकने पर रो पड़े थे युद्धवीर

युद्धवीर सिंह को जब साल 2021 में पहली बार मुंबई इंडियंस ने आईपीएल ऑक्शन में खरीदा था, तो युद्धवीर की आंखों से आंखू निकल पड़े थे। हालांकि, यह आंसू खुशी के थे और उनके शानदार करियर की यह शुरुआत थी। युद्धवीर की सबसे बड़ी ताकत उनकी रफ्तार मानी जाती है, जिसके झलक उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी वर्ल्ड क्रिकेट को दिखा भी दी है।