नगर निगम आरपी नगर फेस टू में बिना अनुमति चल रहे पूल कैफे को निगम ने किया सील

नगर निगम आरपी नगर फेस टू में बिना अनुमति चल रहे पूल कैफे को निगम ने किया सील

April 14, 2023 Off By NN Express

नगर निगम ने राजेंद्र प्रसाद नगर फेस टू में बिना अनुमति के चल रहे पूल कैफे को गुरुवार को सील कर दिया। इसकी शिकायत कॉलोनी के लोगों ने निगम आयुक्त से की थी। इसके बाद निगम अमले ने देर शाम कार्रवाई करते हुए नोटिस भी चस्पा कर दिया है। राजेंद्र प्रसाद नगर आवासीय कॉलोनी है। यहां एमआईजी 98 में बिना अनुमति के पूल कैफे चलाया जा रहा था। इस वजह से यहां दिन के साथ ही देर रात तक युवकों का जमावड़ा लगा रहता था। इससे कॉलोनी के लोग परेशान थे। सबसे पहले इसकी शिकायत विशाल नायडू ने की थी। इसके बाद कॉलोनी के लोग भी सामने आए।

कॉलोनी के लोगों का कहना था कि अवैध रूप से पूल कैफे में शराब खोरी भी हो रही थी। इसके पहले सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूल कैफे को बंद करा दिया था। यहां साउंड बॉक्स के आवाज से भी लोगों को परेशानी हो रही थी। गुरुवार को कॉलोनी के लोगों ने निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय से मिलकर इसकी शिकायत की।

उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। भवन निर्माण अधिकारी एपी शुक्ला की टीम शाम को आरपी नगर पहुंची और अवैध कैफे को सील कर दिया। यह मकान आलोक डग का बताया गया है, जिसने ऊपरी हिस्से को किराए पर दिया था। साथ ही बिना अनुमति के कराए गए निर्माण कार्य को 24 घंटे के भीतर हटाने नोटिस भी चस्पा किया है। अगर हटाने की कार्रवाई नहीं होती है तो निगम स्वयं ही कार्रवाई करेगा।