कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की उम्‍मीदवारों की पहली सूची, 189 नामों की घोषणा

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की उम्‍मीदवारों की पहली सूची, 189 नामों की घोषणा

April 12, 2023 Off By NN Express

Karnataka assembly elections 2023: कनार्टक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्‍याशियों की बहुप्रतीक्षित पहली सूची जारी कर दी है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि आज केंद्रीय चुनाव समिति की सिफारिश के साथ हम कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 189 उम्मीदवारों की घोषणा करने जा रहे हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र शिकारीपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री बी श्रीरामुलु बेल्लारी ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे।

8 महिलाएं, 31 पोस्‍ट ग्रेजुएट, 5 वकील, 3 शिक्षक

सूची में आठ महिलाओं को जगह दी गई है। पार्टी महासचिव अरुण सिह के अनुसार, भाजपा ने 32 ओबीसी, 30 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिह ने कहा कि नौ डाक्टर, 31 पोस्ट ग्रेजुएट, पांच वकील, तीन शिक्षक, एक आइएएस, एक आइपीएस, तीन सेवानिवृत अधिकारी और आठ महिलाओं को टिकट दिया है।

सीएम शिगांव से लड़ेंगे

अरुण सिह ने कहा कि सीएम बसवराज बोम्मई शिगांव से चुनाव लड़ेंगे। पहले भी यहीं से जीते हैं। कागवाड़ से बाला साहेब पाटिल चुनाव लड़ेंगे। गोविद कारजोल मुदूल से, बेल्लारी से श्रीरामुलु, मुर्गेश निरानी बिलगी से चुनावी मैदान में होंगे। सीटी रवि को चिकमंगलुरु से टिकट दिया गया है। पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र अपने पिता की परंपरागत सीट शिकारीपुर से चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह आर अशोक को कनकपुर से टिकट दिया गया है। वे कांग्रेस के दिग्गज डीके शिवकुमार से मुकाबला करने जा रहे हैं। वहीं, भाजपा वरुणा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्दरमैया के खिलाफ वरिष्ठ मंत्री वी सोमन्ना को मैदान में उतारा है। कई वर्तमान विधायकों के टिकट भी काट दिए गए हैं।