महिला की हत्या कर शव को दफनाने वाला चौथा आरोपी गिरफ्तार

महिला की हत्या कर शव को दफनाने वाला चौथा आरोपी गिरफ्तार

April 3, 2023 Off By NN Express

ग्रेटर नोएडा, ,03 अप्रैल । नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित डेरी कामबक्सपुर गांव में महिला सरिता की गला दबाकर हत्या करने वाले चौथे आरोपित भूपेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भूपेंद्र सरिता का जेठ है। आरोपित ने भाई जोगिंद्र के साथ मिलकर सरिता की हत्या की थी और शव को घर से 100 मीटर की दूरी पर गड्ढे में दफना दिया था। जांच में पता चला है कि घटना के बाद सरिता के शव को भूपेंद्र की कंधे पर रखकर 100 मीटर तक ले गया था। आधा गड्ढा उसने व आधा जोगिंद्र ने खोदा था। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तुस्याना गांव के रहने वाले हरिओम ने अपनी बेटी सरिता की शादी 16 फरवरी 2015 को डेरी कामबक्सपुर गांव के रहने वाले जोगिंदर से की थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग की गई। जोगिंदर के भाभी से अवैध संबंध बन गए थे। इसका सरिता विरोध करती थी।

आठ मार्च को होली वाली रात सरिता लापता हो गई। नौ मार्च को जोगिंदर ने नालेज पार्क कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी पत्नी सरिता आठ मार्च शाम से लापता है। 15 मार्च को सरिता के भाई नरेंद्र की तहरीर पर ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने, उत्पीड़न करने की धारा में पति जोगिंद्र, सास संता, जेठ भूपेंद्र, जेठानी ऊषा, चचिया ससुर विजयपाल, ननदोई मनोज, विनोद के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

31 मार्च की सुबह तेज बारिश होने व दुर्गंध आने पर पता चला कि जिस महिला का शव गड्ढे में दफनाया गया वो सरिता ही है। शनिवार को पुलिस ने मामले में आरोपित पति जोगिंद्र, भाभी ऊषा व सास संता को गिरफ्तार किया था। नालेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।