तीन तलाक देकर बच्चा छीनने के आरोप में पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

तीन तलाक देकर बच्चा छीनने के आरोप में पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

September 27, 2022 Off By NN Express

मुरादाबाद, 27 सितम्बर । मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी महिला ने तीन तलाक देकर बच्चा छीन लेने के आरोप में अपने पति समेत पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने अपने पति पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया है।पीड़ित महिला ने बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी दिल्ली के जेजे कालोनी द्वारका क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ही पति और ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि गर्भवती होने पर पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।

पीड़िता ने अपने मायके में ही बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद ससुराल वाले मायके आए और महिला और उसके बच्चे को लेकर दिल्ली चले गए थे। वहां जाकर ससुर ने उसके साथ छेड़खानी की। उसने अपने पति से शिकायत की तो उसने भी उलटा महिला को ही डांटा। तब पीड़िता अपने मायके आ गई। बीते 12 सितम्बर को पति, ससुर और देवर माफी मांगने के बहाने मायके आये। आरोप है कि यहां पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और बच्चे को छीनकर भाग गये। सिविल लाइन थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।