जेल से छूटते ही फिर से हाथों पर लगी हथकड़ी, वाहन चोरी कर पुर्जे बेचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

जेल से छूटते ही फिर से हाथों पर लगी हथकड़ी, वाहन चोरी कर पुर्जे बेचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

March 26, 2023 Off By NN Express

नई दिल्ली, 26 मार्च। मध्य जिले के राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी कर उसके पुर्जे बेचने वाले गिरोह दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान शुभम और हरीश उर्फ चीनू के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित चोरी के वाहनों को काट कर उसके पुर्जे बेचते थे। पुलिस ने इनके पास से आठ बाइक, दो बाइक के इंजन, कई रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट और अन्य सामान बरामद किया है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम वाहन चोरी के 11 मामले सुलझाने का दावा कर रही है।

पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि एसीपी विदुषी कौशिक के नेतृत्व में एसएचओ राजेंद्र नगर राजेश बराड़ की टीम ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित हाल ही में चोरी के एक मामले में जेल से छूट कर आए थे। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह ई-रिक्शे से इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद वह तड़के वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वे वाहनों को पहाड़गंज इलाके में बने गोदाम में लाते थे। वहां पर वाहनों को काट कर उसके पुर्जे अलग कर देते थे। इसके बाद उन पुर्जाे को आगे बेच दिया करते थे।